मशवरा ख़ुद से भी किया कीजे
अपने पहलू में भी रहा कीजे
ये दवा बन के काम आएगी
दूसरों के लिए दुआ कीजे
दिल को छोटा न कीजिए साहेब
आप थोड़ा सा हौसला कीजे
आप ही हो अता तो अच्छा है
आप पर शेर मत अता कीजे
टेढ़े मेढ़े हैं रास्ते तो क्या
आप दरिया हैं बस बहा कीजे
जीत की चाह है अगर दिल में
कोशिशें बारहा किया कीजे
आप से रूठने की ख्वाहिश है
आप फिर से वही ख़ता कीजे
ख़ुद के बारे में जानते क्या हैं
ख़ुद के बारे में कुछ पता कीजे
Shravan Kumar