एक मुसाफ़त और किसी सय्यारे की
कुछ तारीखें ख़ाली हैं बंजारे की
दुनिया अब संजीदा होने वाली है
हवा निकलने वाली है गुब्बारे की
कैसा ऊँचा रुत्बा है इन्सानों का
क्या अच्छी क़िस्मत है मिट्टी-गारे की
कितनी ख़ाक उड़ायें एक मुहब्बत में
कितनी गर्दिश देखें एक सितारे की
मत दिखला सपने रौशन मुस्तक़बिल के
मत बुनियादें डाल... नए अँधियारे की
दिल ने तुझसे बाँध तो ली हैं उम्मीदें
लेकिन हालत ख़स्ता है बेचारे की
उसके जैसा कोई तो होगा दुनिया में
निकलेगी कोई तो राह गुज़ारे की
मैं तो जिसको भी उँगली पकड़ाता हूँ
वो ही कौली भर लेता है सारे की
Shakeel Jamali