बे-घरी का अपनी ये इज़हार कम कर दीजिए
शे'र में ज़िक्र-ए-दर-ओ-दीवार कम कर दीजिए
अपनी तन्हाई में इतना भी ख़लल अच्छा नहीं
आप अपने आपसे गुफ़्तार कम कर दीजिए
दुश्मनों की ख़ुद-ब-ख़ुद हो जाएगी तादाद कम
यारों की फ़ेहरिस्त में कुछ यार कम कर दीजिए
जब तवज्जोह ही नहीं मौजूदगी किस काम की
इस कहानी में मिरा किरदार कम कर दीजिए
सोचिए अब इतने चारागर कहाँ से आएँगे
मुस्कुराकर अपने कुछ बीमार कम कर दीजिए
Rajesh Reddy