Dr. Sonroopa Vishal

मन ही मन जब क्रोध करेंगे
फिर कैसे प्रतिरोध करेंगे

लोग निरर्थक भाग रहे हैं
थककर शायद बोध करेंगे

वो देंगे आदेश हमेशा
हम केवल अनुरोध करेंगे?

जीवन जीना क्या होता है?
अंतिम क्षण तक शोध करेंगे

जीवन से निस्पृह रहने में
सुख, वैभव अवरोध करेंगे

जिनको अवगुण ही दिखते हों
वो किसका गुण-बोध करेंगे

विमुख रहे जो वर्तमान से
कहते हैं युगबोध करेंगे

जिनके भीतर आग नहीं है
वो किसका प्रतिशोध करेंगे
Dr. Sonroopa Vishal

Dr. Sonroopa Vishal | We The Sukhanwar