छुट्टी नहीं मिली है ज्यादा किसी तरह पर आ जाऊंगा।
अम्मा कोशिश करता हूं धनतेरस तक घर आ जाऊंगा।
अभी डाल दूंगा धो करके
पीला शर्ट वही चेक वाला।
परसों दे दूंगा कमरे को
सुबह–सुबह ही चाभी-ताला।
झाड़ू, सूखे कपड़े, बर्तन अंदर रखकर आ जाऊंगा।
अम्मा कोशिश करता हूं धनतेरस तक घर आ जाऊंगा।
दोनों बहनों की खातिर ही
ले ली हैं दो कुर्ती काली।
और तुम्हारे लिए खरीदी
साड़ी एक बनारस वाली।
बप्पा खातिर ले लूं बस कश्मीरी चद्दर आ जाऊंगा।
अम्मा कोशिश करता हूं धनतेरस तक घर आ जाऊंगा।
निपटे भैया दूज उसी दिन
वापस मुझे विदा कर देना।
देकर ध्यान ज़रा झोले में
पेड़े व मठरी भर देना।
स्लीपर की न सीट मिली गर तो जनरल पर आ जाऊंगा।
अम्मा कोशिश करता हूं धनतेरस तक घर आ जाऊंगा।
shivam sanvra