हम तुम्हारी ज़िंदगी से जा रहे हैं

दे रहे दिल से दुआएँ ख़ुश रहो तुम
हम तुम्हारी ज़िंदगी से जा रहे हैं

भाग्य में जो था हमारे खो गया है
ये नहीं होना था लेकिन हो गया है
जाने क्या-क्या हम जुनूँ में बोलते हैं
फिर ज़ेहन में हम तुम्हारे गूँजते हैं

बे-वजह ताने हमारे क्यूँ सहो तुम
हम तुम्हारी ज़िंदगी से जा रहे हैं

ये पता हमको चला है साथ रहकर
हैं तुम्हारी ज़िंदगी में बाँध बनकर
होके दरिया क्यूँ भला ना-शाद हो तुम
जाओ! अब से आज से आज़ाद हो तुम

अब जिधर चाहो उधर जी भर बहो तुम
हम तुम्हारी ज़िंदगी से जा रहे हैं

चाहते हो ख़ुद से करना दूर हमको
है तुम्हारा फ़ैसला मंज़ूर हमको
तुम हमारे हो न पाये ख़ैर! छोड़ो!
मुस्कुराओ और अपना मौन तोड़ो

दो हमें अंतिम विदाई कुछ कहो तुम
हम तुम्हारी ज़िंदगी से जा रहे हैं
Nitesh Divya