न जाने क्या बचेगा और क्या-क्या भीग जायेगा
चलेगी बादलों की तो घरौंदा भीग जायेगा
इसे पिंजरे की आदत है इसे जंगल में मत छोड़ो
ये मौसम है घटाओं का परिन्दा भीग जायेगा
नहीं कोई गिला है माँ को इतनी तेज़ बारिश से
उसे तो एक चिंता है कि बच्चा भीग जायेगा
नज़र उनसे बचाकर मैं सफ़र में पाँव रखता हूँ
मुझे मालूम है अब एक चेहरा भीग जायेगा
तुझे है क्यों ग़लतफ़हमी कि तेरे चंद अश्कों से
सियासत की तवायफ़ का दुपट्टा भीग जायेगा
Rambabu Rastogi