कर सको तो तुम हमारे वास्ते एक काम करना
प्रेम अपना मैं तुम्हारे नाम सारा कर रही हूँ
सिर्फ़ इसका ध्यान धरना!
टूटते हर एक हृदय को प्यार से तुम थाम लेना
जब कहीं कोई दुःखी हो स्नेह से ही काम लेना
जब कोई आ जाये तुमसे माँगता यह प्रेम
मत इनकार करना!
प्रेम अपना मैं तुम्हारे नाम सारा कर रही हूँ
सिर्फ़ इसका ध्यान धरना।
जानती हूँ मैं तुम्हारे मूल में भी प्यार ही है
पर दिखा पाते नहीं, यह सिर्फ़ इक व्यवहार ही है
पर अगर कोई तुम्हें दे प्यार
तो स्वीकार करना!
प्रेम अपना मैं तुम्हारे नाम सारा कर रही हूँ
सिर्फ़ इसका ध्यान धरना!
जब कोई हारा हुआ जीतेगा तेरा संग पाकर
मैं नज़र तेरी उतारूंगी वहाँ से प्रिय आकर
मेरी अंतिम आस को
जीवन का तुम आधार करना!
प्रेम अपना मैं तुम्हारे नाम सारा कर रही हूँ
सिर्फ़ इसका ध्यान धरना!
swadha ravindra